Ashutosh Jha
काठमांडू : नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन ‘शीतल निवास’ में आयोजित एक भव्य समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रसिद्ध स्तंभकार चंद्र किशोर झा को ‘वरिष्ठ पत्रकार सम्मान-2082 विक्रम संवत्’ से सम्मानित किया। संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में संचार मंत्री डॉ. विक्रम तिमिलसिना की विशेष उपस्थिति रही। सम्मान स्वरूप झा को दो लाख रुपये की नकद राशि, दोशाला और मानपत्र प्रदान किया गया। सरकार ने उन्हें यह सम्मान राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस-2083 के अवसर पर व्यावसायिक पत्रकारिता के माध्यम से राष्ट्रीय हित की रक्षा और सुशासन युक्त समाज निर्माण में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए दिया है।
चंद्र किशोर झा की लेखनी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक सराहना मिली है। वे पूर्व में नेपाल के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. रामवरण यादव द्वारा ‘विभूषण’, भारत की पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल द्वारा ‘पब्लिक डिप्लोमेसी’ सम्मान और अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर द्वारा प्रशंसा पत्र प्राप्त कर चुके हैं। इस प्रतिष्ठित सम्मान पर नेपाल-भारत सहयोग मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक वैध, संभावना संस्था के अध्यक्ष भरत प्रसाद गुप्त, सीमा जागरण मंच के बिहार स्टेट कॉर्डिनेटर महेश अग्रवाल, बिहार विश्वविद्यालय आयोग के सदस्य प्रो. डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी के राजेश केशरीवाल, अंबेडकर ज्ञान मंच के मुनेश राम, एनयूजेआई के राज्य सह संयोजक विपिन कुशवाहा सहित वरिष्ठ पत्रकार शंकर आचार्य, दीपक अग्निरथ, गणेश शंकर, लव कुमार चौबे सहित पत्रकार, नागरिक समाज व बौद्धिक वर्ग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
