खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा झारखंड : मुख्यमंत्री

Sports

मुख्यमंत्री ने खेलों में राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर दिया जोर

Eksandeshlive Desk

लोहरदगा : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में झारखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है और यहां के युवा देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह बात शुक्रवार को बीएस कॉलेज मैदान, लोहरदगा में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में कही। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि विश्व क्रिकेट में झारखंड के खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने अपने प्रदर्शन से राज्य का परचम लहराया है। इसके अलावा हॉकी में भी झारखंड का दबदबा रहा है, जिसमें भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सिर्फ हॉकी और क्रिकेट ही नहीं, बल्कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉनबॉल जैसे अन्य खेलों में भी राज्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल नीति बनाई गई है। उनका मानना है कि झारखंड को भविष्य में “खिलाड़ियों के राज्य” के रूप में भी जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने बीएस कॉलेज मैदान के विकास में राज्य सरकार और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम आने वाले समय में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर राज्य के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पाण्डेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Spread the love