राउरकेला में बेल्जियम ने भारत को 4-2 से हराया, पेनल्टी कॉर्नर बने निर्णायक

Sports

Eksandeshlive Desk

राउरकेला : एफआईएच प्रो लीग के राउरकेला चरण में भारत को बेल्जियम के खिलाफ रीमैच में 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में बेल्जियम ने पहले हाफ में आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली, जिसे भारत दूसरे हाफ में पूरी तरह पाट नहीं सका। बेल्जियम की पुरुष हॉकी टीम ने शुरुआत से दबाव बनाया और पेनल्टी कॉर्नर का बेहतरीन उपयोग किया। 11वें मिनट में ह्यूगो लाबुचेरे ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर खाता खोला। इसके बाद अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने 14वें और 17वें मिनट में दो ड्रैग-फ्लिक गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। पहले क्वार्टर के अंत में आर्थर डी स्लोवर ने एक और गोल जोड़कर स्कोर 4-0 कर दिया।

चार गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय हॉकी टीम ने वापसी की कोशिश की। 24वें मिनट में आदित्य लालगे ने रीबाउंड पर गोल कर अंतर कम किया। तीसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-2 कर दिया।भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने कई अहम बचाव किए, जबकि बेल्जियम के गोलकीपरलोइक वैन डोरेन ने भी बढ़त को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई। अंतिम क्वार्टर में भारत ने तेज खेल दिखाया, लेकिन बेल्जियम की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति ने कोई और मौका नहीं दिया। यह मुकाबला एफआईएच पुरुष प्रो लीग के तहत बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेला गया। इस जीत के साथ बेल्जियम ने राउरकेला चरण में भारत पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

Spread the love