न्यूजीलैंड ए को पहली पारी में मिली 78 रन की बढ़त, मुकेश कुमार ने झटके पांच विकेट

Sports

Eksandeshlive Desk

क्राइस्टचर्च: तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज ने चार विकेट झटके। इसके बावजूद न्यूजीलैंड ए के निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत मेजबान टीम पहली पारी में 424 रन बनाने में सफल रही और भारत ए पर 78 रन की बढ़त हासिल कर ली। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 32 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद थे। भारत ए अभी भी न्यूजीलैंड ए से 46 रन पीछे है।

तीसरे दिन न्यूजीलैंड ए ने तीन विकेट पर 218 रन से आगे खेलना शुरू किया। पिछले दिन शतक लगाने वाले मैथ्यू बॉयल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और मिचेल हे ने भारतीय गेंदबाजों को लंबे समय तक सफलता से दूर रखा। दोनों ने एक घंटे से अधिक समय तक मोर्चा संभाले रखा। सिराज ने फॉक्सक्रॉफ्ट को 93 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। यह दिन का उनका दूसरा विकेट था। अगले ओवर में मिचेल हे विकेट के पीछे कैच दे बैठे, जबकि इसके कुछ ही देर बाद ब्रेट रैंडेल भी आउट हो गए। लगातार विकेट गिरने से भारत ए ने मुकाबले में वापसी की और न्यूजीलैंड ए का स्कोर सात विकेट पर 291 रन हो गया। हालांकि, इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को जमकर चुनौती दी। न्यूजीलैंड ए के आखिरी तीन विकेटों ने 133 रन जोड़कर टीम का स्कोर 424 रन तक पहुंचा दिया। फ्रेजर शीट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। दसवें नंबर के बल्लेबाज जेडन लेनॉक्स और अंतिम बल्लेबाज जारोड मैके ने करीब 25 ओवर तक भारतीय गेंदबाजों का सामना किया। इस साझेदारी को दूसरे ओवर में ही तोड़ने का मौका मिला था, लेकिन सिराज ने 12 रन पर खेल रहे लेनॉक्स का आसान कैच छोड़ दिया। भारतीय स्पिनरों को भी लगातार 45 ओवर की गेंदबाजी के बाद सफलता मिली। वाशिंगटन सुंदर ने अपनी पारी के 30वें ओवर में मैके को बोल्ड कर न्यूजीलैंड ए की पारी समेट दी। इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन ने दिन का बाकी खेल बिना किसी परेशानी के निकाल दिया। दोनों ने भारत ए का स्कोर बिना विकेट खोए 32 रन तक पहुंचाया।

संक्षिप्त स्कोर: भारत ए पहली पारी 346 रन (ध्रुव जुरेल 106, देवदत्त पडिक्कल 80, आकाश दीप 68; फ्रेजर शीट 4/63) और दूसरी पारी बिना विकेट खोए 32 रन। न्यूजीलैंड ए पहली पारी 424 रन (मैथ्यू बॉयल 110, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 93; मुकेश कुमार 5/87, मोहम्मद सिराज 4/118)। भारत ए पहली पारी के आधार पर 78 रन से पीछे।

Spread the love