न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित से ज्यादा शतक लगा सकते हैं विराट : पुजारा

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की तुलना में विराट कोहली के शतक लगाने की संभावना अधिक है। उन्होंने इसके पीछे दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी की भूमिका और परिस्थितियों को वजह बताया। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिषेक नायर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अलग-अलग वनडे टीमों के चयन और यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिलने पर अपनी राय रखी। दोनों ने ये बातें जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम ‘आउट ऑर नॉट आउट’ में कहीं। जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम ‘आउट ऑर नॉट आउट’ में पुजारा ने कहा कि रोहित शर्मा की भूमिका पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की होती है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनकी यह भूमिका बदल सकती है और वह शतक लगाने के लिए अधिक समय ले सकते हैं। हालांकि, विराट कोहली के पास शतक बनाने की संभावना थोड़ी ज्यादा है, क्योंकि वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और उनकी भूमिका पारी को संभालने की होती है। उन्होंने कहा, “विराट का खेल पारी को संभालने पर आधारित है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी के लिए वनडे प्रारूप में शतक बनाना थोड़ा आसान हो जाता है। सलामी बल्लेबाज की भूमिका भी तय होती है, लेकिन न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उसमें कुछ बदलाव आ सकता है। इसलिए मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित की तुलना में विराट के शतक लगाने की संभावना अधिक है।”

नायर ने टेस्ट सीरीज को बताया अहम: अभिषेक नायर ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज को भारतीय टीम और मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड ने पिछली बार भारत दौरे पर टेस्ट सीरीज जीती थी, जिससे भारतीय प्रशंसकों को निराशा हुई थी। ऐसे में आगामी टेस्ट सीरीज में भारत को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। नायर ने कहा, “न्यूजीलैंड भारत आया था और उसने टेस्ट सीरीज में हमें हराया था। इससे मुझे भी तकलीफ हुई थी और बाकी प्रशंसकों को भी। यह बड़ी सीरीज है। विश्व कप महत्वपूर्ण है, लेकिन अभी उसके लिए समय है। मेरे लिए यह टेस्ट सीरीज गौतम गंभीर और भारतीय प्रशंसकों के लिहाज से निर्णायक है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता था कि केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी, जो दोनों प्रारूपों में खेल रहे हैं, टेस्ट क्रिकेट पर ही ध्यान दें। क्योंकि अब उन्हें पहले वनडे की तैयारी करनी है और उसके बाद टेस्ट मैच खेलने हैं। मेरी राय में उन्हें एक-दो महीने लाल गेंद से अभ्यास करने का समय देना चाहिए था। जिस तरह न्यूजीलैंड ने भारत में हमें हराया, उसी तरह हमें वहां जाकर उसे हराना चाहिए।”

पुजारा ने सीरीज 2-2 से बराबर रहने का अनुमान जताया: यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में शामिल नहीं किए जाने पर नायर ने कहा कि चयनकर्ताओं ने संभवतः उनसे इस बारे में बात की होगी। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और शुभमन गिल के पारी की शुरुआत करने के कारण जायसवाल को वनडे टीम में मौका नहीं मिला होगा। ऐसे में उन्हें टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलना चाहिए। नायर के अनुसार, जायसवाल को यह समझाया गया होगा कि वनडे टीम में जगह नहीं मिलने के दौरान वह रणजी ट्रॉफी खेलकर अपनी तैयारी बेहतर कर सकते हैं। इससे उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की जीत में योगदान देने का बेहतर अवसर मिलेगा। वनडे सीरीज के परिणाम को लेकर पुजारा ने 2-2 से बराबरी का अनुमान जताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती तीन मुकाबलों में भारतीय टीम का एक संयोजन खेलेगा, जबकि अंतिम दो मैचों में अलग टीम उतरेगी। ऐसे में न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा मिल सकता है। पुजारा ने कहा, “मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा है, क्योंकि पांचों मैचों में भारत की एक जैसी टीम नहीं खेलेगी। हालांकि, शुरुआती तीन मैचों में मैं भारतीय टीम का समर्थन करूंगा और मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगी। अंतिम दो मैच थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन सीरीज में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। न्यूजीलैंड में बारिश भी होती है, इसलिए संभव है कि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो जाए।”

Spread the love