News by Mustaffa,edit Sunil
देश की तरक्की और खुशहाली के लिए उठे हजारों हाथ: अंजुमन कमेटी व जनप्रतिनिधियों ने पेश की एकता की मिसाल
मेसरा: माहे रमजान के मुकद्दस महीने के दूसरे जुमे पर शुक्रवार को बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में अकीदत और एहतराम के साथ नमाज अदा की गई। जमा मस्जिद केदल,फुरहूरा टोला,मेसरा,चुट्टू और नेवरी की मस्जिदों में हजारों की संख्या में रोजेदारों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया। नमाज के बाद मस्जिदों में विशेष दुआओं का दौर चला,जिसमें अकीदतमंदों ने हाथ उठाकर वतन की खुशहाली,तरक्की और हिफाजत के लिए दुआएं मांगीं। इस दौरान पूरा माहौल रूहानियत से सराबोर नजर आया। केदल जमा मस्जिद के इमाम मौलाना अफताब मजाहिरी ने नमाज से पूर्व खुतबे में रमजान की फजीलत पर रोशनी डाली। उन्होंने अपने पैगाम में कहा कि रमजान का महीना हमें धैर्य,त्याग और मानवता की सेवा सिखाता है। उन्होंने जोर दिया कि ईद की नमाज से पहले-पहले सदका,फितरा और जकात की अदायगी करना जरूरी है,ताकि गरीब भी खुशी से त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि सच्चा मोमिन वही है जिसके हाथ और जुबान से दूसरा सुरक्षित रहे। मस्जिदों के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग रहा। इस मौके पर मुख्य रूप से अंजुमन कमेटी केदल के सदर समीम आलम,सेक्रेट्री रेयाजुल अंसारी,खजांची इसराईल अंसारी,नफीज अंसारी,महमुद अंसारी,नेजाम मास्टर और हसन खांन उपस्थित थे। वहीं सामाजिक एकता की मिसाल पेश करते हुए जिप सदस्य संजय कुमार महतो,मुखिया राहुल मुंडा,ग्राम प्रधान नीलमोहन मुंडा,सामाजिक एवं शिक्षा जगत के स्तंभ मनरखन महतो और आचार्य धनंजय मिश्रा ने भी अपनी ओर से लोगों को जुमे की मुबारकबाद दी। सभी जगह जुमे की नमाज को लेकर थाना प्रभारी अजय कुमार दास व कमेटी द्वारा पुख्ता इंतजाम देखे गए।
