अरविंद कुमार राणा बने हजारीबाग के नए मेयर, 5180 वोट से दर्ज की जीत

360° Ek Sandesh Live Election

News by Bhaskar,edit Sunil

पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को पीछे छोड़ निर्दलीय चेहरे पर जनता ने जताया भरोसा

हजारीबाग : हजारीबाग नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर अरविंद कुमार राणा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया। छड़ी छाप से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय उम्मीदवार अरविंद कुमार राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरफराज अहमद को 5180 मतों से पराजित किया। अरविंद कुमार राणा को कुल 27500 मत प्राप्त हुए, जबकि सरफराज अहमद को 18847 मत मिले। इस बार मेयर पद के लिए कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें अरविंद कुमार राणा, सरफराज अहमद, सुदेश कुमार चंद्रवंशी, विकास कुमार राणा, मोहम्मद तस्लीम अंसारी, विनोद भगत, अमरेंद्र नारायण और सूरज कुमार शामिल थे। मतगणना के परिणाम में सुदेश कुमार चंद्रवंशी तीसरे स्थान पर रहे, विकास कुमार राणा चौथे, मोहम्मद तस्लीम अंसारी पांचवें, विनोद भगत छठे, अमरेंद्र नारायण सातवें और सूरज कुमार आठवें स्थान पर रहे। चुनाव का सबसे बड़ा संदेश यह रहा कि मतदाताओं ने किसी भी राजनीतिक दल के समर्थित प्रत्याशी के बजाय एक निर्दलीय उम्मीदवार को मेयर की कुर्सी सौंपी। भारतीय जनता पार्टी समर्थित सुदेश कुमार चंद्रवंशी, झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित विकास कुमार राणा और कांग्रेस समर्थित मोहम्मद तस्लीम अंसारी जैसे दलों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, लेकिन जनता ने पार्टी लाइन से अलग हटकर मतदान किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम स्थानीय मुद्दों, व्यक्तिगत छवि और जमीनी सक्रियता की जीत है। अरविंद कुमार राणा की जीत यह संकेत देती है कि नगर निकाय चुनाव में मतदाता विकास, उपलब्धता और भरोसे को प्राथमिकता दे रहे हैं।

हजारीबाग की राजनीति में इस परिणाम को एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जहां संगठनात्मक ताकत से अधिक व्यक्तिगत विश्वसनीयता और जनसंपर्क ने निर्णायक भूमिका निभाई।

Spread the love