सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर किया डेब्यू, अपनी आने वाली आत्मकथा ‘बिलोंगिंग’ की पहली झलक की साझा

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने आखिरकार आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कदम रख लिया है। इंस्टाग्राम पर अपने डेब्यू के साथ ही उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली तस्वीर साझा की है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने पहले वीडियो में सोनिया गांधी अपनी इस किताब की पहली कॉपी हाथ में लिए नजर आ रही हैं। वीडियो में वह किताब के पन्नों को पलटते और अपने बच्चों (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी) के बचपन की तस्वीरों को देखते हुए भी दिखाई देती हैं।

अपने पहले आधिकारिक पोस्ट के कैप्शन में सोनिया गांधी ने लिखा, “नमस्ते सभी को, मैं इस पल को आप सभी के साथ साझा करने के लिए वास्तव में आभारी हूं। यह ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव’ पुस्तक की पहली झलक है। यह कहानी है प्रेम की, कर्तव्य की, दर्द की और अपनेपन की तलाश की। इसे आप सभी तक पहुंचाने का बेसब्री से इंतज़ार है।” यह बहुप्रतीक्षित किताब भारत में आगामी 10 नवंबर को रिलीज होने जा रही है, जिसके लिए प्री-ऑर्डर भी शुरू हो चुके हैं। यह वैश्विक स्तर पर ‘अल्फ्रेड ए. नॉट’ और भारत में इसे ‘हार्पर कॉलिन्स इंडिया’ की ओर से प्रकाशित की जाएगी। यह आत्मकथा उनके इटली के बचपन से लेकर भारत आने, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से उनके रिश्ते और उनके राजनीतिक सफर के उतार-चढ़ाव तथा व्यक्तिगत अनुभवों का एक दुर्लभ और अंतरंग दृष्टिकोण पेश करती है। उल्लेखनीय है कि इंस्टाग्राम पर आते ही सोनिया गांधी ने केवल तीन अकाउंट्स को फॉलो किया है। इसमें उनके पुत्र एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उनकी पुत्री एवं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और उनकी पार्टी का आधिकारिक इंस्टा पेज शामिल है। अब तक उनके इंस्टा पेज पर 80 हजार छह सौ फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं।

Spread the love