गौवंशीय पशु तस्करी का भंडाफोड़, 41 बैल बरामद

Crime Ek Sandesh Live

MUSTFA

मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मदरसा मोहल्ला (इरबा) में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर चल रहे गौवंशीय पशु तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए 41 बैलों को मुक्त कराया और तस्करी में प्रयुक्त चार पिकअप गाड़ियों को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने आठ नामजद तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
देर रात पुलिस की छापेमारी: ​मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि मदरसा मोहल्ला में तस्कर पिकअप वैन में बैल लादकर पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस अवर निरीक्षक जयप्रकाश पासवान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 12:45 बजे जब पुलिस टीम मदरसा मोहल्ला पहुंची, तो अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे।
​जब्त वाहन और पशु: ​मौके पर पुलिस को चार पिकअप गाड़ियां (बीआर44 जीए-6024,बीआर44 जीए-7178,बीआर03जीबी-4084 और बीआर 03जीबी-2234) खड़ी मिलीं,जिन पर पशुओं को लादा जा रहा था। पास ही बेरहमी से बांधकर रखे गए 41 बैल बरामद हुए,जिनमें 11 गोलारंगा, 22 सावना,06 काले और 02 उजले रंग के बैल शामिल हैं।
​इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला: पुलिस ने गुप्त छानबीन के बाद इरबा,कामता,परहेपाट और उरुगुटु निवासी आठ तस्करों को चिन्हित किया है। इनमें नौशाद अंसारी,खेताब अंसारी,गुड्डू अंसारी,चरका अंसारी,बबलू अंसारी,क्युम अंसारी,साबीर अंसारी और रसीद अंसारी शामिल हैं। ​पुलिस की कार्रवाई: ओरमांझी थाना में कांड संख्या 33/26 के तहत बीएनएस की धारा 325,पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड गौवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसआई अजीत राय को मामले की जांच सौंपी गई है।

Spread the love