तीन दिन में सेंसेक्स में 3,642 अंक और निफ्टी में 1,110 अंक की गिरावट
Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार तीसरे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। दिन के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली सुधार होता हुआ भी नजर आया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.93 प्रतिशत और निफ्टी 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले तीन दिन से लगातार जारी कमजोरी के कारण इन तीन दिनों में सेंसेक्स 3,642.06 अंक और निफ्टी 1,110.50 अंक टूट चुके हैं। दिन भर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ऑटोमोबाइल, पीएसयू बैंक, मीडिया और मेटल सेक्टर के शेयरों में जमकर बिकवाली होती रही। इसके अलावा आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ दिन के कारोबार का अंत किया।
शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब दस लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन दिन के कारोबार के बाद घट कर 430.18 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 440.06 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को दिन के कारोबार से करीब 9.88 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,421 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 953 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,332 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 136 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में 2,971 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 420 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,551 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से दो शेयर बढ़त के साथ और 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से तीन शेयर हरे निशान में और 47 शेयर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 590.20 अंक की कमजोरी के साथ 75,444.22 अंक के स्तर पर खुला। दिन का कारोबार शुरू होने के कुछ देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से करीब 130 अंक की रिकवरी कर 75,576.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी लगातार बढ़ती गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक 1,579.82 अंक टूट कर 74,454.60 अंक के स्तर तक गिर गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 110 अंक की रिकवरी कर 1,470.50 अंक की गिरावट के साथ 74,563.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने 176.65 अंक लुढ़क कर 23,462.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 30 अंक सुधर कर 23,492.40 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से दिन का कारोबार खत्म होने के आधे घंटे पहले यह सूचकांक 527.15 अंक फिसल कर 23,112 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 40 अंक की रिकवरी कर 488.05 अंक की कमजोरी के साथ 23,151.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.44 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.08 प्रतिशत और भारती एयरटेल 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ दिन के टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो 7.54 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 6.16 प्रतिशत, टाटा स्टील 5.15 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 4.55 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 4.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ दिन के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
