जल संरक्षण मॉडल का जायजा लेने दिल्ली से पहुंची टीम
MUSTFA
मेसरा/ओरमांझी (रांची): जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड की 11 पंचायतों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वाटर सफिशिएंट पंचायत (जल सक्षम/जल पर्याप्त पंचायत) योजना के तहत देशभर से चुनी गई 1,000 ग्राम पंचायतों में शामिल ओरमांझी की ये 11 पंचायतें अब देश के अन्य राज्यों और जिलों के लिए रोल मॉडल बनेंगी।
यहाँ स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए जल संरक्षण मॉडल और उसके जमीनी क्रियान्वयन को समझने के लिए शनिवार को दिल्ली से एक उच्चस्तरीय टीम ओरमांझी प्रखंड मुख्यालय पहुंची। समीक्षा बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कामेश्वर बेदिया ने केंद्रीय टीम को चयनित सभी 11 पंचायतों में जल संकट से निपटने की रणनीति से अवगत कराया। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी की प्रक्रिया को बारीकी से समझा। टीम ने कहा कि ओरमांझी की इन पंचायतों के सफल मॉडल का अध्ययन कर इसे देश और राज्य की अन्य चयनित पंचायतों में भी लागू किया जाएगा, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को जल के मामले में आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाया जा सके।
इस कार्ययोजना को जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने के लिए पंचायती राज, ग्रामीण विकास, कृषि, वन एवं लघु सिंचाई विभाग के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। दिल्ली से पहुंची उच्चस्तरीय टीम में सीनियर प्रोग्राम प्रबंधक हारिश कुमार सिंह, कोर टीम सदस्य विश्वजीत दत्ता और सीनियर प्रोग्राम लीडर कृति रानी शामिल थीं। इनके साथ पिरामल फाउंडेशन के झारखंड प्रोग्राम मैनेजर मृत्युंजय कुमार और फाउंडेशन की पूरी टीम भी मौके पर मौजूद रही।
