Eksandeshlive Desk
लंदन : पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरानी ड्रोन के खतरों से निपटने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने घोषणा की है कि उनका देश 200 से अधिक सैन्य विशेषज्ञों को तैनात कर चुका है। ये विशेषज्ञ ईरानी ‘शाहिद’ ड्रोन से बचाव में क्षेत्रीय देशों की मदद कर रहे हैं। अल जजीरा के अनुसार यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश खाड़ी और पश्चिम एशिया में ईरानी ड्रोन खतरों से निपटने के लिए सक्रिय रूप से मदद कर रहा है। उन्होंने बताया कि 201 यूक्रेनी एंटी-ड्रोन सैन्य विशेषज्ञ पहले से ही विभिन्न देशों में तैनात हैं, जबकि 34 अन्य विशेषज्ञ जल्द भेजे जाने के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की ने मंगलवार को लंदन में ब्रिटिश संसद के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि ये विशेषज्ञ खास तौर पर ईरानी ‘शाहिद’ ड्रोन से बचाव की तकनीक में प्रशिक्षित हैं। ये वही ड्रोन हैं जिनका इस्तेमाल रूस 2022 से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहा है। जेलेंस्की के अनुसार यूक्रेन की हमलावर टीम पहले से खाड़ी देश संयुक्त अरब अमीरात, कतर और सऊदी अरब में मौजूद हैं, जबकि कुवैत में भी जल्द तैनाती की जा रही है। कई अन्य देशों के साथ भी समझौते हो चुके हैं।
यूक्रेन अब ड्रोन युद्ध में अग्रणी बन चुका है : वहीं, रूस और ईरान के रिश्तों पर हमला बोलते हुए जेलेंस्की ने कहा कि दोनों देश “नफ़रत में भाई” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान द्वारा बनाए गए ‘शाहिद-136’ ड्रोन में अब रूसी पुर्ज़े भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जिससे उनकी क्षमता और बढ़ गई है। ज़ेलेंस्की का दावा है कि यूक्रेन अब ड्रोन युद्ध में अग्रणी बन चुका है और युद्ध के मैदान में रूस को होने वाले 90% नुकसान के पीछे यूक्रेनी ड्रोन हैं। यूक्रेन रोज़ाना लगभग 2000 इंटरसेप्टर ड्रोन बनाने में सक्षम है, जिनका उपयोग दुश्मन ड्रोन को हवा में ही मार गिराने के लिए किया जाता है। इस दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिरजेलेंस्की ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और नाटाे प्रमुख मार्क रुटे से मुलाकात की। साथ ही, यूक्रेन और यूनाइटेड किंगडम के बीच एक नई रक्षा साझेदारी पर हस्ताक्षर हुए, जिसके तहत ड्रोन और आधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण में सहयोग बढ़ाया जाएगा। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि पश्चिम एशिया में ईरानी ड्रोन से निपटने के लिए उन्हें यूक्रेन की मदद की आवश्यकता नहीं है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ईरान में जारी तनाव से किसी भी तरह का फायदा नहीं मिलना चाहिए—चाहे वह तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हो या प्रतिबंधों में ढील। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन अपने अनुभव और तकनीक के जरिए दुनिया के अन्य देशों को भी ड्रोन हमलों से सुरक्षित बनाने में मदद करना चाहता है।
