अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लाला टोली मोहल्ले में राजगढ़ तालाब के पास 10 सितंबर की मध्य रात्रि (लगभग 1 से 2 बजे के बीच) अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी करने की घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में पीड़ित सरकारी शिक्षक संजीत कुमार, पिता- लखन राम ने प्रतापपुर थाना में सनहा दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है। पीड़ित संजीत कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि 10 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि लगभग 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने घर से लगभग 24 से 25 हजार रुपये नकद सहित लगभग 5 लाख रुपए के जेवरात पर हाथ साफ कर लिया है चोरी हुए जेवरातों में चांदी की पायल (2 पीस), मांग टीका (1 पीस), कान की बाली (2 पीस), अंगूठी (1 पीस), मंगलसूत्र (1 पीस), सोने का लॉकेट (2 पीस), नथिया (2 पीस) एवं झुमकी (4 पीस) शामिल है। घटना के महज 5 से 10 मिनट बाद जब गृहस्वामी लाठी लेकर बाहर निकले, तो संयोग से उसी समय क्षेत्र में पुलिस की गश्ती टीम आ पहुंची। पुलिस जवानों ने गृहस्वामी से देर रात लाठी लेकर घूमने का कारण पूछा, जिस पर संजीत कुमार ने घर में चोरी होने की बात कही। पूरी बात सुनने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना शुरू किया।संजीत कुमार ने बताया कि टॉयलेट जाने के लिए जब मेरे बेटे ने लाइट जलाई, तो घर की छत पर छिपे चोर को छत से कूदकर भागते हुए देखा गया। हालांकि चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पत्रकारों द्वारा घटना के बारे में पूछे जाने पर गृहस्वामी शिक्षक संजीत कुमार ने बताया कि मेरा बेटा छत पर बने रूम में सोया था, जबकि मेरा अन्य परिवार यानी मेरी पत्नी मैं स्वयं और मेरी बेटी नीचे के कमरे में सोए हुए थे और इसी नीचे के कमरे में चोर के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों के द्वारा निश्चित रूप से पूरे परिवार के ऊपर किसी नशीले पदार्थ या किसी केमिकल आदि का छिड़काव किया गया था जिस कारण पूरा परिवार गहरी नींद या बेहोशी जैसी स्थिति में हो गया था। वहीं चोर को छत पर बने करकट के कमरे में सोए मेरे बेटे के बारे में पता नहीं था यही कारण था कि जब बेटे की नींद एक डेढ़ बजे खुली और वह टॉयलेट के लिए लाइट जलाया तो छत पर से एक व्यक्ति को कूद कर भागते देखा और नीचे आकर हमलोग को जगाया तब जाकर चोरी की घटना का पता चला। पीड़ित ने प्रतापपुर थाना प्रभारी से सनहा दर्ज कर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। वहीं घटना के बाबत थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि आवेदन के आधार पर सनहा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कार्यवाई की जा रही है।
