By Sunil
रांची। बीएयू के पशु विभाग अंतर्गत मुर्गी फार्म परिसर में प्रबंधन में कार्यरत मजदूरों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं, उनकी मांगों तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान मजदूर संघ का पुनर्गठन करते हुए मोहम्मद इफ्तेखार खान को इंटक मजदूर संघ का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक की अध्यक्षता मोहम्मद इफ्तेखार खान ने की, जबकि संचालन आफताब आलम ने किया। बैठक में मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। मजदूरों ने कहा कि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू, कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद संजर खान, इंटक के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा,विधायक प्रतिनिधि रेशमा बेगम, अख्तरी बेगम, कांके विस्थापन संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो, कैलाश तिर्की, जोन पोल, सुनीत सिन्हा एवं सरफराज अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में प्रबंधन में कार्यरत मजदूर उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने प्रबंधन द्वारा मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही, मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन करने की बात कही।
वहीं, कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद संजर खान ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर जल्द ही बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति से भेंटवार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुलपति को मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराते हुए समय रहते उनके निराकरण की मांग की जाएगी।बैठक के दौरान मजदूर संघ के पुनर्गठन के बाद मोहम्मद इफ्तेखार खान को इंटक मजदूर संघ का अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित मजदूरों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मजदूरों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का भरोसा दिलाया। बैठक में मजदूरों की एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
