झारखंड में 21 मार्च को तेज हवा-वज्रपात की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के कई जिलों में 21 मार्च को मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य में इस दौरान गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।दरअसल, पिछले चार-पांच दिनों से झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बादल छाने, बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। राजधानी रांची में भी बीते दिनों गर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस बदलाव के कारण तापमान में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो सकी है, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।

खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों : हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 22 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 38.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान खूंटी में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छा गए, जिससे धूप की तीव्रता में कमी महसूस हुई। शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 38.2 और न्यूनतम 19.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Spread the love