News by Mustaffa
मेसरा : राजधानी रांची के शहरी व ग्रामीण इलाके में मंगलवार की रात बदमाशों ने पुलिसिया तंत्र को खुली चुनौती दी। दो बाइकों पर सवार 6 नकाबपोश अपराधियों ने महज 52 मिनट के भीतर मेसरा और ओरमांझी थाना क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों और एक दुकान को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल करीब 2.5 लाख रुपये लूटे,बल्कि विरोध करने पर कर्मियों और एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट भी की। रात 12:08 बजे बदमाशों का दल चुट्टू रिंग रोड स्थित भारत पेट्रोलियम पहुंचा। वहां तैनात विक्की उरांव और सूरज मुंडा को संभलने का मौका दिए बिना बदमाशों ने हथियारों के बल पर नगद 2,17,173 रू० लूट लिए। इसके बाद,12:30 बजे गैंग शुभम शिल्पी पेट्रोल पंप पहुंचा,जहां उन्होंने पहले 1000 रू० का तेल भरवाया और फिर 5500 रू० लूटकर फरार हो गए। अंत में,रात करीब 1:00 बजे ओरमांझी के राज बाबू लाइन दूकान पर धावा बोलकर दुकानदार कैलाश साहू के बेटे राजश्री का सिर फोड़ दिया और 15,000 हजार की संपत्ति लूट ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। इस दुस्साहस पर अधिकारियों के तेवर कड़े हैं। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार यह बेहद गंभीर मामला है। अपराधियों ने दुस्साहस दिखाया है,लेकिन वे कानून की गिरफ्त से दूर नहीं रह पाएंगे। हमने विशेष टीम का गठन कर दिया है। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार शहर और ग्रामीण सीमा के इलाकों में नाकाबंदी सख्त की गई है। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं,सीसीटीवी फुटेज के साथ फोरेंसिक जांच भी की जा रही है। वहीं,सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव,ओरमांझी की घटना में घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है। हमने बॉर्डर इलाकों को सील कर संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है। सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने कहा कि मेसरा इलाके में हुई दोनों लूट की घटनाओं के बीच के तालमेल की जांच हो रही है। अपराधियों की कार्यशैली एक पेशेवर गिरोह की ओर इशारा कर रही है। मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि पंपों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाइक और हुलिए के आधार पर हुलिया स्पष्ट हो जाए इसकी प्रयास की जा रही है। बहूत जल्द अपराधी जेल की सलाखों के पीछे होंगे। ओरमांझी थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी के अनुसार राज बाबू लाइन शॉप में हुई हिंसक वारदात के दोषियों को बहूत जल्द चिह्नित कर लिया जाएगा। अपराधियों के धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है। इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। इधर घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और डर है। हालांकि,अपराधियों की एक चूक पुलिस के लिए बड़ी लीड बन गई है,सीसीटीवी कैमरों में उनकी तस्वीरें और गतिविधि काफी स्पष्ट आई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार,बाइक के नंबर प्लेट और चेहरों के मिलान का काम अंतिम चरण में है।
