ओरमांझी में एक ही रात चोरों का तांडव: ज्वैलरी दुकान से 20 लाख के जेवर व नकदी समेत घर में भी बोला धावा

360°

मेसरा/ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के सदमा बाजार टांड इलाके में 31 अगस्त 2026 की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकान और बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से इलाके के व्यवसायियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश एवं दहशत का माहौल है। पहली ?घटना: सदमा बाजार टांड में स्थित लक्ष्मी ज्वैलर्स दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। पीड़ित दुकान मालिक शंकर कुमार सोनी ने बताया कि वह वर्ष 2023 से इस दुकान का संचालन कर रहे हैं। 31 अगस्त की रात चोरों ने शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने व नकदी चुराकर फरार हो गए। दूसरी घटना: इसी रात चोरों ने सदमा हाई स्कूल मैदान के समीप स्थित रमेश उरांव (पिता स्व. बिरषा उरांव) के बंद मकान को भी निशाना बनाया। मकान मालिक के अनुसार,घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे 5,000 रुपये नकद समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली। दोनों मामलों में पीड़ितों ने ओरमांझी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी हुए सोने-चांदी व संपत्ति को बरामद करने की गुहार लगाई है। इधर,एक ही रात दो स्थानों पर हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Spread the love