Eksandeshlive desk
नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण दुनियाभर में क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बुधवार को 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन ही एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल या जेट फ्यूल के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद पहली बार जेट फ्यूल की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलो लीटर के स्तर को पार कर गई है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण देश में पहली बार जेट फ्यूल की कीमत में दोगुनी से भी अधिक बढ़ोतरी की गई है। उल्लेखनीय है कि ये लगातार दूसरा महीना है, जब सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल की कीमत मे इजाफा किया है।
घरेलू रसोई गैस की दरों में कोई बदलाव : इंडियन ऑयल के वेबसाइट के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी के दाम में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत अभी 913 रुपये है। इससे पहले, सात मार्च को 14.2 किलोग्राम के घरलू एलपीजी के सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ाई गई थी। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अंतरराष्ट्रीय मानकों और विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पिछले साल मार्च में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कमी के बाद से इसकी कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।
और महंगा हो सकता है हवाई सफर : जानकारी के अनुसार दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत 1,10,703.08 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 114.5 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,07,341.22 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है। आज के पहले पिछले महीने एक मार्च को एटीएफ की कीमत में 5,244.75 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 5.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा आज की गई बढ़ोतरी के बाद पहली बार जेटफ्यूल (एटीएफ) की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलो लीटर के आंकड़े को पार कर गई है। बुधवार को इसकी कीमत में दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ोतरी होने के कारण तमाम एयरलाइंस समेत सिविल एविएशन सेक्टर में काम करने वाली सभी कंपनियों के ऑपरेटिंग कॉस्ट में जबरदस्त बढ़ोतरी होना तय हो गया है। ऐसी स्थिति में अब हवाई सफर के और महंगा हो जाने की आशंका भी बन गई है। इससे पहले 2022 में एटीएफ की कीमत अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंची थी। उस समय जब रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था, जिसकी वजह से जेट फ्यूल की कीमत उछल कर 1.10 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई थी। हालांकि बाद में इसका कीमत में गिरावट आ गई थी, जिससे जेट फ्यूल एक लाख रुपये के स्तर से नीचे आ गया था।
