उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक : 20 आरोपियों की जमानत पर सुनवाई, कोर्ट ने मांगी केस डायरी

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए 20 आरोपियों की जमानत याचिका पर अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में अदालत ने केस डायरी मांगी है। अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होगी। गाैरतलब है कि पेपर लीक मामले के आरोपी सुनील कुमार, किशोर कुमार, सन्नी राम, रविंद्र कुमार, दलील कुमार, शशिकांत, अभिषेक कुमार सहित अन्य ने रांची सिविल कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। सभी विद्यार्थी हैं।

आरोपियों की ओर से कहा गया है कि साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया है। दलील दी गई है कि उन पर आपराधिक मुकदमा न चलाया जाए, इससे उनका शैक्षणिक करियर समाप्त हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक अर्धनिर्मित स्थान पर 159 अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात छापा मारा था। इनमें 152 पुरुष अभ्यर्थी, 7 महिला अभ्यर्थी, 5 गैंग सरगना एवं अन्य शामिल थे। पुलिस की ओर से बताया गया था कि गैंग के एजेंटों ने तमाड़ के रड़गांव में अभ्यर्थियों को रखा था और उन्हें प्रश्न का उत्तर (आसंर) रटाया जा रहा था। गैंग ने अभ्यर्थियों के मोबाइल और एडमिट कार्ड अपने पास रख लिए थे। अभ्यर्थियों से 15-15 लाख में सौदा हुआ था। कुछ अभ्यर्थियों ने गैंग के सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी दिया था। मामले में तमाड़ थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 21/2026 दर्ज की गई थी।

Spread the love