गिरिडीह में तीन ट्रकों में लगी आग, दो जिंदा जले

360°

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह : दिल्ली- कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग में गुरुवार को कुलगो टोल प्लाजा के समीप तीन मालवाहक ट्रकों के आपस हुई भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। इसमे दो लोग जिंदा जल गये। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। तीन दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया। आग की लपट कम होने के बाद एक ट्रक में दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए हैं, जो ट्रक के चालक और उप चालक के बताये जा रहे हैं। घटना डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के समीप की है। बताया गया कि कि कुलगो के पास दो ट्रक पहले से खड़े थे। ट्रक में खलासी और चालक सोए हुए थे। इसी बीच बगोदर से डुमरी की तरफ आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक को पीछे से धक्का मार दिया। इस घटना में धक्का मारने वाला ट्रक सहित तीनों ट्रकों में भीषण आग लग गई। जब तक चालक और खलासी कुछ समझ पाते तब तक आग पूरी तरह फैल गई। तीनों ट्रकों में कोयला और गुड़ लोड था।

घटना की जानकारी पर डुमरी एसडीएम सुमित कुमार, एसडीपीओ सहित अन्य पुलिस वाले मौके पर पहुंचे। इस संबंध में इंस्पेक्टर राजेन्द्र कुमार ने बताया कि कोयला और गुड़ लदे ट्रकों के बीच टक्कर हुई है। महतो ने बताया कि ट्रकों के बीच टक्कर के बाद आग लग गई है। आग बुझने के बाद ही साफ हो सकेगा कि नुकसान कितना बड़ा है। इधर, डुमरी के एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि दो लोगों की लाश ट्रक में मिली है। ऐसा समझा जा रहा है कि मृतक ट्रक के खलासी और चालक होंगे। ट्रक के चेचिस नंबर से वाहन की पहचान की जा रही है। वाहन की पहचान के साथ मृतकों की भी पहचान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में ऐसा लग रहा है कि संभवत गुड़ लदे वाहन में खाना बनाने वाला गैस सिलेंडर था, जिसकी वजह से आग लगी है। फिलहाल जांच के बाद ही कारणों का स्पस्ट पता चलेगा।

Spread the love