अजय राज
प्रतापपुर/चतरा: गायत्री परिवार (शांतिकुंज, हरिद्वार) द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का परीक्षाफल जारी कर दिया गया है। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर से लगभग 50 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है, ताकि वे इन्हें अपने जीवन का अभिन्न अंग बना सकें।
प्रखंड क्षेत्र के जिन विद्यालयों में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, उनमें प्रमुख रूप से पीएम श्री विद्यालय योगियारा, प्रीमियर अकादमी, रघुवीर सुवाश पब्लिक स्कूल, आर.एम. मेमोरियल अकादमी, अपेक्स अकादमी, ग्लोबल अकादमी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिद्की, ड्रीम बिग अकादमी, कन्या मध्य विद्यालय प्रतापपुर, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, मध्य विद्यालय प्रतापपुर तथा राज्य संपोषित उच्च विद्यालय प्रतापपुर शामिल रहे।
इस सफल आयोजन में गायत्री परिवार के सक्रिय परिजनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सहयोग देने वालों में रेखा सिन्हा, मंजु श्री, सिम्मी देवी, रानी देवी, राजीव कुमार, शेखर कुमार, हिमांशु, सुरेंद्र यादव, उमेश यादव, अतुल आनंद एवं मोहित लाल शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व और जागरूकता भी विकसित करती हैं। समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
