Eksandeshlive Desk
रांची : राज्य के नये लोकायुक्त न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के लंबित मामलों की सुनवाई उनकी प्राथमिकता में होगी। कोशिश होगी जो भी मामले सामने आयेंगे उसका तेजी से निपटारा हो। गुप्ता मंगलवार को कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पहला दिन है मैं सभी चीजों को समझ रहा हूं। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से न्यायिक सेवा में योगदान देने वाले जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता को त्वरित न्याय देने के लिए जाना जाता है।
इससे पहले झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष रहे नवनियुक्त लोकायुक्त अमिताभ कुमार गुप्ता 1997 में न्यायिक सेवा में आए थे और संयुक्त बिहार के समय एडीजे के रूप में योगदान दिए थे। बहुचर्चित चारा घोटाला केस की सुनवाई करने वाले जस्टिस अमिताभ गुप्ता वर्ष 2013 में झारखंड उच्च न्यायालय के जज बने थे और 30 मई 2021 को वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद आरआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन के रूप में उन्होंने कार्य किया था। अब लोकायुक्त की जिम्मेदारी अगले पांच वर्षों तक वह संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि झारखंड में पिछले पांच वर्ष से लोकायुक्त का पद रिक्त था। पूर्व में लोकायुक्त रहे जस्टिस डीएन उपाध्याय का जून 2021 में कोरोना संक्रमित होने के बाद निधन हो गया था। तब से यह पद खाली था। लोकायुक्त नहीं होने की वजह से लगभग तीन हजार से ज्यादा मामले लंबित हैं।
