केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण प्लेटफॉर्म को इस प्रथा को बंद करने का निर्देश दिया
Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: देश के प्रमुख राइड-हेलिंग और मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ओला को ग्राहकों से सफर शुरू होने से पहले एक्स्ट्रा पैसे मांगना महंगा पड़ गया है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने ओला का संचालन करने वाली एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म को यह प्रैक्टिस बंद करने का निर्देश दिया है। उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के मुताबिक मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण का यह आदेश उस फीचर सुविधा की जांच के बाद पारित किया गया, जो ड्राइवर की खोज किए जाने के दौरान ग्राहकों यानी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त भुगतान करने के लिए प्रेरित करती थी। साथ ही यह सुझाव देती थी कि इससे तेजी से राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि, ओला ने बाद में ‘टिप’ के नाम को बदलकर ‘ऐड-ऑन’ कर दिया, लेकिन इसके पीछे की मूल प्रथा अपरिवर्तित रही।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने माना है कि यह उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला अनुचित व्यापार व्यवहार है, जिससे भ्रम पैदा होता है। प्राधिकरण ने कंपनी को प्री-राइड ‘टिप’ यानी ‘ऐड-ऑन’ फीचर के जरिए कस्टमर्स से एक्स्ट्रा पेमेंट मांगने का प्रोसेस तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि सीसीपीए के मुताबिक यह तरीका उपभोक्ताओं को भ्रमित करने और अनुचित व्यापार व्यवहार के साथ-साथ डार्क पैटर्न की कैटेगरी में आता है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि यह जुर्माना राइड से पहले भुगतान के लिए गुमराह करने वाले प्रॉम्प्ट दिखाने के कारण लगाया गया है और प्राधिकरण ने इस फीचर को बंद करने का निर्देश भी दिया है। उन्होंने कहा कि ‘डार्क पैटर्न’ अनुचित तौर-तरीकों और भ्रामक दावों के खिलाफ मंत्रालय का यह एक सख्त कदम है, जो उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को फिर से पुष्ट करता है।
