Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: अक्टूबर का महीना विदा हो रहा है और नए महीने नवंबर की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे समय में अगर आप भी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में ट्रेडिंग या निवेश करते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। शेयर बाजार में इस महीने कुल 11 दिन ट्रेडिंग नहीं होगी। मतलब 30 दिन के इस महीने में सिर्फ 19 दिन ही शेयर बाजार में कारोबार होगा। शेष 11 दिन छुट्टी रहेगी। आमतौर पर शेयर बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में हर हफ्ते शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है। साप्ताहिक अवकाश के अलावा कुछ खास त्योहारों और राष्ट्रीय अवकाशों पर भी बाजार में छुट्टी घोषित की जाती है। नवंबर के इस महीने में शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 9 दिन का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा, कामकाजी दिनों के दौरान इस महीने दो त्योहारों की वजह से भी बाजार पूरी तरह बंद रहेगा। सबसे पहले 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर शेयर बाजार में छुट्टी होने की वजह से ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपरब के मौके पर भी दोनो स्टॉक एक्सचेंज और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अवकाश रहेगा।
इन दोनों तारीखों यानी 10 और 24 नवंबर को बीएसई और एनएसई के मुख्य सेगमेंट्स जैसे इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और करेंसी डेरिवेटिव्स में पूरी तरह से छुट्टी रहेगी। हालांकि, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (ईजीआर) में पूरी तरह से तालाबंदी नहीं होगी। इन सेगमेंट्स में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक का सुबह का सत्र तो बंद रहेगा लेकिन शाम 5 बजे से रात 11:30 और रात 11:55 बजे तक का शाम का सत्र हमेशा की तरह खुला रहेगा। यही नियम मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी लागू होगा। इस बार 8 नवंबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन रविवार होने के कारण शेयर बाजार का नियमित कारोबार तो बंद रहेगा लेकिन भारतीय शेयर बाजार की सालों पुरानी परंपरा के मुताबिक दोपहर बाद 1 घंटे के लिए ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। बीएसई और एनएसई दोनों प्रमुख एक्सचेंजों ने इस दिन के इस खास सत्र पर ट्रेडिंग के समय (टाइम टेबल) का निर्धारण कर दिया है। दीपावली के दिन होने वाले कारोबार के लिए निर्धारित किए गए टाइम टेबल के अनुसार 8 नवंबर को ट्रेडिंग मेंबर्स का लॉगिन दोपहर 1:15 बजे से 1:50 बजे तक होगा। वहीं, ब्लॉक डील विंडो दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद दोपहर 2:05 बजे से 2:15 बजे तक प्री-ओपन सेशन चलेगा, जबकि दोपहर 2:20 बजे से शाम 3:30 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए मुख्य ट्रेडिंग विंडो खुला रहेगा। इसके बाद पीरियोडिक कॉल ऑक्शन का समय दोपहर 2:25 बजे से 3:20 बजे तक, क्लोजिंग ऑक्शन सेशन का समय दोपहर 3:15 बजे से 3:35 बजे तक और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन के लिए दोपहर 3:50 बजे से शाम 4:00 बजे तक का समय तय किया गया है। नवंबर में साप्ताहिक अवकाश मिलाकर होने वाली इन 11 छुट्टियों के बीत जाने के बाद साल 2026 के आखिरी महीने दिसंबर में शनिवार और रविवार के अलावा सिर्फ एक और ट्रेडिंग हॉलिडे बचेगा। साल का आखिरी आधिकारिक अवकाश क्रिसमस के मौके पर 25 दिसंबर को रहेगा। इस दिन शेयर बाजार पूरी तरह से बंद रहेगा।
