Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतगणना के शुरुआती चरण से ही पश्चिम बंगाल और असम में निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल है। पिछले हर चुनाव की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम को पार्टी मुख्यालय जाएंगे और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को संबोधित करेंगे। पार्टी मुख्यालय में उनकेस्वागत की तैयारी जोरशोर से चल रही है। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के रूझान को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही पार्टी मुख्यालय में ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मना रहे हैं। आतिशबाजी भी की जा रही है। मुख्यालय में प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी चल रही है। पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक इस ऐतिहासिक जीत पर शाम साढ़े छह बजे प्रधानमंत्री मोदी मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को संबोधित करेंगे। मुख्यालय में झालमुड़ी, रसगुल्ला और मिठी दही (मिष्टी दोई) भी बांटी जा रही है। इसी बीच एक ऐसे कार्यकर्ता भी दिखे जो ममता बनर्जी के भेष में मुख्यालय परिसर में विचरण कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में साल 2011 से अब तक लगातार तृणमूल कांग्रेस की सरकार रही और ममता बनर्जी राज्य की मुख्यमंत्री। भाजपा अब वहां पहली बार सरकार बनाती नजर आ रही है।
पश्चिम बंगाल में पांच सीटों के नतीजे घोषित, चार पर भाजपा और एक पर तृणमूल कांग्रेस विजयी : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक पांच सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें से चार सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीती है जबकि एक सीट तृणमूल कांग्रेस के खाते में गई है। जिन सीटों पर भाजपा को कामयाबी मिली है उनमें पूर्व बर्धमान की मंतेश्वर और भातार, पश्चिम बर्धमान की आसनसोल तथा अलीपुरद्वार जिले की कालिमपांग सीटें शामिल है। तृणमूल को मुर्शिदाबाद जिले की भगवानगोला सीट पर कामयाबी मिली है। चुनाव आयाेग के अनुसार, मंतेश्वर सीट पर भाजपा के सैकत पांजा ने राज्य के पूर्व मंत्री और तृणमूल उम्मीदवार सिद्दिकुल्ला चौधुरी को 14,798 मतों से पराजित किया जबकि भातार सीट से भाजपा के कारफा सौमेन 6,528 मतों से विजयी घोषित किये गये हैं। उधर, पश्चिम बर्धमान की आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा की अग्निमित्रा पाल ने 40,839 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है जबकि कालिपांग सीट से भाजपा के भरत कुमार छेत्री 21,464 मतों से विजयी घोषित किये गये हैं। वहीं, तृणमूल को मुर्शिदाबाद की भगवानगोला सीट पर कामयाबी मिली है जहां पार्टी के उम्मीदवार रेयात हुसैन सरकार ने 56,407 वोटों से जीत दर्ज की है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से प्राप्त रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निर्णायक बढ़त की ओर नजर आ रही है। दोपहर बाद चार बाजे तक 293 में से 292 सीटों के रूझान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से भाजपा 198 सीटों पर आगे है जबकि तृणमूल कांग्रेस 89 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। इसके अलावा कांग्रेस तथा मार्कसवादी कम्यूनिष्ट पार्टी और अन्य दो-दो सीट पर आगे चल रही है। कोलकाता की हाई प्रोफाईल भवानीपुर सीट से शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बढ़त बना ली है। इस सीट से ममता अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से करीब 15494 मतों से आगे चल रही हैं। हालांकि, ममता कैबिनेट के सदस्य रहे कई उम्मीदवार पिछड़ते नजर आ रहे हैं। इनमें ब्रात्य बसु, मलय घटक, शशि पांजा, उदयन गुहा, परेश चंद्र अधिकारी, सुजीत बसु, बीरवाहा हांसदा, राजीव बनर्जी व इंद्रनील सेन का नाम उल्लेखनीय है। अन्य दलों के प्रमुख उम्मीदवारों में काग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधुरी, कोलकाता के पूर्व मेयर व माकपा उम्मीदवार विकास रंजन भट्टाचार्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार मौसम बेनजीर नीर पीछे चल रहे हैं। उधर निर्णायक बढ़त बना चुके प्रमुख भाजपा उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक, पूर्व सांसद रूपा गांगुली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, पूर्व सांसद स्वप्न दासगुप्ता, पूर्व सांसद अर्जुन सिंह, राज्य के पूर्व मंत्री तापस राय, संदेशखाली आंदोलन से सुर्खियों में आई रेखा पात्रा, अग्निमित्रा पाल तथा आरजीकर पीड़िता की मां शामिल हैं। पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी भी नंदीग्राम सीट से आगे चल रहे हैं। इसके अलावा आईएसएफ प्रमुख नौशाद सिद्दिकी तथा आम जनता उन्नय पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष हुमायुं कबीर आगे चल रहे हैं।
असम में भाजपा 79 एवं सहयोगियों के साथ 96 सीटों पर आगे, एक सीट पर जीत : असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए साेमवार सुबह 8 बजे से राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है। 126 सीटों के आए रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 79 एवं सहयोगियों के साथ कुल 96 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा की सहयोगी पार्टी बीपीएफ एक सीट पर चुनाव जीत चुकी है। दोपहर दो बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 8 से 12 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। प्राप्त रूझानों के अनुसार, भाजपा के सभी बड़े नेता बढ़त बनाए हुए हैं। राजधानी गुवाहाटी की सभी 5 सीटों पर अजेय बढ़त बनाए हुए है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस 25 सीटों पर, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) 2, राइजर दल 2 सीट पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा की सहयोगी पार्टी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 09 सीटों पर आगे तथा एक सीट जीत चुकी है और अगप 8 सीटों पर आगे चल रही है। जोरहाट विधानसभा सीट के 14 में से 14 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इस कड़ी में असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी से 23182 मतों से पीछे चल रहे हैं। हितेंद्र नाथ गोस्वामी को 69439 मत मिले हैं। वहीं, गौरव गोगोई को 46257 मत मिले हैं। औपचारिक रूप से जीत की घोषणा अभी नहीं हुई है। जालुकबारी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट के लिए 18 राउंड की गिनती होने वाली है। जिसमें 09 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री को 61203 मत मिले हैं। डॉ. सरमा अपने निकटतम कांग्रेस की उम्मीदवार बिदिशा ने ओग से 41798 मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चुनाव में काफी पीछे नजर आ रहे हैं। कांग्रेस की बढ़त सिर्फ अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में साफतौर पर दिखाई दे रही है। भाजपा को दोपहर दो बजे तक कुल 39.81 प्रतिशत मिले हैं। वहीं कांग्रेस को 27.97 प्रतिशत मत मिले हैं।
