SADDAM HUSAIN
शिकारीपाड़ा/दुमका: विकाश भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा आज शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र में ब्लॉक मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर एक व्यापक एवं प्रभावशाली पोस्टर अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत ब्लॉक मैदान,चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाकर ग्रामीणों एवं युवाओं ने अपनी मांगों को सशक्त एवं संगठित तरीके से प्रस्तुत किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों में दुमका पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक, दुमका के प्रति गहरी नाराजगी एवं आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि जब्त वाहनों एवं गिट्टी-बालू को हटाने के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराए जाने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। यह लापरवाही युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय के समान है। पोस्ट अभियान के माध्यम से यह रेखांकित किया गया कि शिकारीपाड़ा ग्राम में खेलकूद हेतु केवल एक ही मैदान उपलब्ध है, जो वर्षों से स्थानीय युवाओं, खेल क्लबों एवं शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियों का केंद्र रहा है। इसी मैदान में खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन एवं सामाजिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहे हैं।
किन्तु विगत 5–6 वर्षों से इस मैदान की स्थिति अत्यंत दयनीय एवं चिंताजनक हो गई है। थाना परिसर में स्थान के अभाव का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा जब्त वाहनों को इस मैदान में खड़ा कर दिया गया है, जो वर्षों से यथावत पड़े हुए हैं। भारी वाहनों के दबाव से मैदान पूरी तरह असमतल हो चुका है, जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं तथा गिट्टी-बालू के ढेर जमा हो गए हैं। यहां तक कि गोल पोस्ट के सामने तक वाहन खड़े कर दिए गए हैं, जिससे खेलकूद, विशेषकर फुटबॉल जैसी गतिविधियां पूर्णतः बाधित हो चुकी हैं।
ग्रामीणों ने इसे न केवल खेल प्रेमियों के लिए पीड़ादायक स्थिति बताया, बल्कि युवाओं के अधिकारों का सीधा हनन भी करार दिया। उल्लेखनीय है कि अंचल कार्यालय, शिकारीपाड़ा द्वारा कई बार संबंधित थाना को जब्त वाहनों को हटाने हेतु निर्देशित किया गया है, परंतु अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि थाना से लगभग 700 मीटर की दूरी पर ग्राम जबरदाहा में जब्त वाहनों के लिए वैकल्पिक भूमि पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है।
ग्रामीणों ने भावुक स्वर में कहा कि यह मैदान मात्र भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों, ऊर्जा, अनुशासन एवं उज्ज्वल भविष्य का आधार है। ऐसे में इसका इस प्रकार से उपेक्षित एवं अवरुद्ध होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।शिकारीपाड़ा ब्लॉक मैदान को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। सभी जब्त वाहनों एवं सामग्री को ग्राम जबरदाहा में उपलब्ध कराई गई वैकल्पिक भूमि पर स्थानांतरित किया जाए।झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा उक्त स्थल पर बाउंड्री वॉल एवं आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्तमान मैदान को समतल कर पुनः खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों हेतु सुसज्जित एवं उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जनआंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस पोस्टर अभियान में अंकित सिंह, सूरज कुमार पाल, वरुण चंद्र, मंटू गोस्वामी, जितेंद्र भंडारी, उज्जवल दास, देवदास नायक, शिवम भगत, दीवाना कुमार, कालीचरण साहा, प्रदीप केवट, इत्यादि ग्रामीण मौजूद थे।
