ओरमांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 260 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​एसएसपी की गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई; वाहन संख्या जेएच 01 जीसी 4124 से ढोई जा रही थी खेप

​मेसरा (रांची): अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ रांची पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान में ओरमांझी पुलिस को सोमवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एसएसपी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान घेराबंदी कर एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए शराब की बड़ी खेप तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी ने बताया कि,एसएसपी सर से प्राप्त सटीक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम को तुरंत सक्रिय किया गया। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओरमांझी थाना क्षेत्र के बिरसा जैविक उद्यान के पास संध्या लगभग 6 बजे सघन घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध वाहन संख्या जेएच 01 जीसी 4124 को रोककर उसकी तलाशी ली गई,तो पुलिस टीम दंग रह गई। वाहन के भीतर 260 पेटी अवैध शराब लदी हुई थी। जांच में पाया गया कि प्रत्येक पेटी में 12-12 प्लास्टिक की बोतलें पैक थीं,जिन्हें खपाने की तैयारी थी। ​पुलिस ने मौके से वाहन सवार तस्कर फलेंद्र भोगता (पिता बिगन भोगता) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से ग्राम बाम्हनीडीह,थाना गोला,जिला रामगढ़ का निवासी है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। ​थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी ने बताया कि एसएसपी सर की ओर से मिली गुप्त सूचना पर हमने यह कार्रवाई की है। हमारी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 260 पेटी शराब जब्त की है और एक आरोपी को दबोचा है। हम इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि इस अवैध नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं और यह खेप कहां से आकर कहां भेजी जा रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध धंधा पनपने नहीं दिया जाएगा। ​इस कार्रवाई से क्षेत्र के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस को अंदेशा है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतर-जिला गिरोह सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Spread the love