अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के डुमरी कला पंचायत में स्टार क्रिकेट क्लब एवं श्री दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार एक दिवसीय भव्य ‘डांडिया नाइट’ सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डुमरी कला पंचायत की मुखिया साधना सिंह एवं मुखिया पति सह समाज सेवी पिंटू सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात पंचायत क्षेत्र की महिलाओं, युवतियों और छोटे-छोटे बच्चों ने पारंपरिक पोशाक में सज-धज कर डांडिया और गरबा नृत्य की एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर मुखिया साधना सिंह ने उत्कृष्ट डांडिया नृत्य प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों एवं बच्चों को मेडल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और समाज में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश जाता है।
मुखिया पति पिंटू सिंह ने कहा कि डुमरी कला पंचायत में इस तरह का डांडिया कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया है, जिसके लिए आयोजक मंडल बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टार क्रिकेट क्लब एवं श्री दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के साथ-साथ पूरे पंचायत क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, युवाओं व ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष व ग्रामीण उपस्थित थे।
