दशहरा मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
MUKESH KUMAR
गारू/लातेहार: गारू प्रखंड में दुर्गा पूजा के अवसर पर अष्टमी और नवमी तिथि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दोनों तिथियों की पूजा एक साथ होने के कारण सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिली। मां दुर्गा की आराधना कर भक्तों ने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजकर 53 मिनट पर दीप प्रज्वलित कर अष्टमी तिथि की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नवमी तिथि की पूजा भी विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस दौरान परंपरा के अनुसार बलि देकर पूजा की गई। वहीं, कन्याओं को भोजन कराकर कन्या पूजन की रस्म पूरी की गई। गारू बाजार में युवा शक्ति संघ और जय भवानी संघ के सदस्यों ने अपने-अपने पूजा स्थलों पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। दोनों संघों के सदस्यों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पूजा को सफल बनाने में सहयोग किया।
वहीं, दशहरा के अवसर पर गारू बाजार में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मां दुर्गा के दर्शन करने और मेले का आनंद लेने पहुंचे। बाजार और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। दुर्गा पूजा को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। पूजा समितियों के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
