कटैया में दुर्गा पूजा के अवसर पर भव्य कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन

Ek Sandesh Live Religious

अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा):
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर स्थानीय देवी मंडप प्रांगण, कटैया में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ-साथ कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान कलश स्थापना के साथ शुरू हुए इस अनुष्ठान को पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
पूजा के विशेष अवसर पर महानवमी के दिन प्रांगण में भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। कन्याओं के पैर पखारकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार स्वरूप सामग्री भेंट की गई। कन्या पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशेष विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में पहुंचे भक्तों ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया और माता का आशीर्वाद लिया।
इस पूरे धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और इसे पूर्ण रूप देने में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जितेन्द्र रजक, गोपाल प्रजापति, अजीत सिंह, शौरभ सिंह, मुन्ना साव, कैलाश सिंह और इन्द्रदेव सिंह समेत कई सक्रिय कार्यकर्ताओं का अत्यंत सराहनीय और अहम योगदान रहा। इन सभी कार्यकर्ताओं की तत्परता और निस्वार्थ सेवा भावना के कारण ही पूरा आयोजन अत्यंत अनुशासित और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। इस सफल आयोजन को लेकर पूरे कटैया क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।

Spread the love