चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
MUSTFA
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत नेवरी विकास रिंग रोड पर मंगलवार (20 अक्टूबर) को दिन के 12 बजे चावल लदे एक ट्रक (संख्या- ओडी 05 एई 1466) में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भुवनेश्वर (ओडिशा) से चावल लेकर आ रहे ट्रक के चालक मनोज कुमार सिंह ने असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते हुए ट्रक को एक सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। उनकी इस तत्परता से कोई हताहत या जानमाल की क्षति नहीं हुई।
मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। मेसरा ओपी थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन वाहन को तुरंत मौके पर भेजा गया था। ग्रामीणों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और ट्रक में लदे चावल को सुरक्षित बचा लिया गया। चालक और स्थानीय लोगों की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। इस घटना में ट्रक का अगला हिस्सा जल गया है और पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जाँच में जुटी हुई है।
