News by Mustaffa
निजी स्कूलों को छोड़ सरकारी स्कूल में बढ़ी दिलचस्पी
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत मेसरा पश्चिमी के ‘सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ कांके में शिक्षा की एक नई क्रांति दिखाई दे रही है। बुधवार को विद्यालय में 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश (टेस्ट) परीक्षा में भाग लेने हेतु जिले के बड़े-बड़े नामचीन और प्रख्यात निजी स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं का हुजूम उमड़ पड़ा। विद्यालय परिसर सुबह से ही छात्रों की चहल-पहल से गुलजार रहा। नामांकन की सीमित सीटों के मुकाबले आवेदकों की संख्या काफी अधिक होने के कारण प्रबंधन द्वारा प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस टेस्ट परीक्षा में शामिल होने के लिए शहर के नामी मिशनरी और प्राइवेट स्कूलों के मेधावी छात्र पहुंचे,जो इस बात का प्रमाण है कि अब अभिभावकों का भरोसा सरकारी उत्कृष्ट विद्यालयों पर तेजी से बढ़ा है। इस बढ़ती भीड़ और छात्रों के उत्साह पर प्राचार्य आनंद मिश्रा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा,आज 11वीं में नामांकन के लिए आयोजित टेस्ट परीक्षा में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। यह देखकर गर्व होता है कि रांची के प्रतिष्ठित निजी स्कूलों के बच्चे भी अब हमारे स्कूल में पढ़ने की इच्छा रख रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं,बल्कि बच्चों को भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का आना हमारी गुणवत्ता और राज्य सरकार के प्रयासों की जीत है। वहीं,प्रवेश परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे,ताकि छात्र शांतिपूर्ण माहौल में अपनी परीक्षा दे सकें।
