MUSTFA
मेसरा/रांची: राजधानी के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत गेतलातू चौक पर सोमवार रात लगभग 8:00 बजे तेज रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला। नेवरी विकास बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही मां और उसकी 12 वर्षीय बेटी को एक अनियंत्रित बस ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मृतकों की पहचान बबीता देवी (42 वर्ष) और उनकी पुत्री प्रीति कुमारी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार,बबीता देवी अपने पति रंजीत कुमार साव और बच्चों के साथ गेतलातू में गुलजार खान के मकान में किराए पर रहती थीं और वहीं बॉबी सोप नामक किराना दुकान चलाती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मां-बेटी नेवरी विकास चौक स्थित हाट-बाजार से सब्जी लेकर ऑटो से गेतलातू चौक पर उतरी थीं। सड़क पार करने के दौरान, रामगड़ की ओर से आ रही सफेद रंग की बस (जेएच 01 एफके 8555) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद बस चालक ने रफ्तार कम नहीं की और दोनों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बस का पीछा किया और उसे खदेड़कर पकड़ लिया। वर्तमान में बस पुलिस के कब्जे में है। प्रशासन ने एंबुलेंस के जरिए दोनों शवों को रिम्स, बरियातू के शीत गृह में सुरक्षित रखवा दिया है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि,यह एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मां-बेटी की असामयिक मृत्यु हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना कारित करने वाली बस को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेने की प्रक्रिया जारी है। कानून अपना काम कर रहा है और दोषी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हम स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। मूल रूप से शेखपुरा (बिहार) के बेलहारी ग्राम निवासी इस परिवार के लिए यह वज्रपात जैसा है। मृतका बबीता देवी के कुल पांच बच्चे (चार पुत्री और एक पुत्र) थे। इस हादसे ने न केवल एक मां को छीना, बल्कि एक मासूम बच्ची के भविष्य को भी कुचल दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
