Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड में प्रस्तावित प्रो बॉक्सिंग लीग के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव आईएएस मुकेश कुमार से एमेच्योर बॉक्सिंग फेडेरेशन के उपाध्यक्ष संजीव कुमार की अगुवाई में झारखंड स्टेट बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान झारखंड में प्रो बॉक्सिंग लीग आयोजित कराने, राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर फेडेरेशन के उपाध्यक्ष ने बताया कि इस आयोजन से राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा तथा झारखंड खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। सचिव मुकेश कुमार ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल एवं युवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर झारखंड स्टेट बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रकाश कुमार मंडल, कोषाध्यक्ष विजय शंकर ओझा, संयुक सचिव संतोष अग्रवाल उपस्थित थे।
