फ्लिपकार्ट ने त्योहारों से पहले देशभर में 2.5 लाख से अधिक रोजगार के अवसर किए सृजित

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही ई-कॉमर्स क्षेत्र में रोजगार के बड़े मौके पैदा हो रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए फ्लिपकार्ट ने देशभर में 2.50 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर तैयार करने का ऐलान किया है। इसमें गिग वर्कर्स भी शामिल हैं। कंपनी ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि ई-कॉमर्स मंच फ्लिपकार्ट ने आगामी त्योहारों से पहले बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देशभर में 2.5 लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। इनमें से लगभग 75 हजार रोजगार के अवसर उन लोगों के लिए हैं, जो पहली बार नौकरी करने जा रहे हैं। यह कुल अवसरों का करीब 30 फीसदी है। ये भर्ती अभियान देशभर में सात हजार से अधिक ई-कार्ट केंद्रों में चलाया जा रहा है।

फ्लिपकार्ट ने कहा कि ये मौके देशभर में 7,000 से ज्यादा ईकार्ट सेंटर्स में उपलब्ध हैं, जिनमें फुलफिलमेंट सेंटर्स, सॉर्टेशन हब्स और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशन्स भी शामिल हैं। त्योहारों के लिए 900 से ज्यादा नए डिलीवरी हब्स और करीब 1.4 लाख अतिरिक्त लास्ट-माइल रोजगार के अवसरों के साथ फ्लिपकार्ट ‘बिग बिलियन डेज़’ से पहले ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने डिलीवरी नेटवर्क का तेजी के साथ विस्तार कर रहा है। कंपनी के मुताबिक इस सीज़न में बनाए गए नए रोज़गारों में से 60 फीसदी लास्ट-माइल से जुड़े हैं, जो ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ के विस्तार और टियर 2 और टियर 3 के मार्केट्स में बढ़ती मांग को दिखाते हैं। इस विस्तार से फ्लिपकार्ट की सप्लाई चेन में महिलाओं और दिव्यांग लोगों के लिए भी ज़्यादा मौके बन रहे हैं। अब सप्लाई चेन के कामों में महिलाओं की हिस्सेदारी 20 फीसदी से ज्यादा है, जबकि वेयरहाउस और डिलीवरी ऑपरेशन्स में दिव्यांग लोगों की भागीदारी भी बढ़ी है। फ्लिपकार्ट समूह के चीफ कॉर्पोरेट अफेयर्स ऑफिसर रजनीश कुमार ने अपने बयान में कहा, “बड़े पैमाने पर कॉमर्स से बड़े पैमाने पर मौके बनते हैं, चाहे वो नौकरी हो, आजीविका हो या एंटरप्रेन्योरशिप।” उन्होंने कहा कि इस त्योहारों के सीजन में फ्लिपकार्ट के ज़रिए पहली बार काम की दुनिया में आने वाले लगभग 75,000 लोग उसी बड़े इकोसिस्टम का हिस्सा हैं।

Spread the love