By Mustaffa
मेसरा (रांची): सफलता की राह में अगर दृढ़ संकल्प हो,तो मंजिल खुद-ब-खुद कदम चूमती है। बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के गेतलातू गांव की स्वीटी कुमारी ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल की इस मेधावी छात्रा ने सत्र 2025-26 की 12वीं की परीक्षा में 94.2% अंक लाकर कला संकाय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। स्वीटी की इस शानदार उपलब्धि की सबसे बड़ी विशेषता उनका स्वाध्याय (सेल्फ-स्टडी) रहा। एक तरफ जहाँ आज के छात्र कोचिंग और ट्यूशन पर निर्भर रहते हैं,वहीं स्वीटी ने घर पर खुद मेहनत कर यह नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि एकाग्रता और कड़ी मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। गर्वित पिता और खुशहाल परिवार स्वीटी के पिता अनंत सिंह,जो (रांची) झारखंड उच्च न्यायालय में एक व्यस्त अधिवक्ता हैं,अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा वकालत के पेशे की व्यस्तता के कारण मैं बच्चों को पढ़ाई में अधिक समय नहीं दे पाता था,लेकिन स्वीटी ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझी। उसने बिना किसी बाहरी मदद के अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। मुझे अपनी बेटी पर गर्व है। चेयरमैन मनरखन महतो ने कहा,स्वीटी की सफलता मनन विद्या परिवार के लिए गौरव का क्षण है। यह हमारी ग्रामीण प्रतिभाओं की शक्ति को दर्शाता है। गेतलातू जैसे छोटे गांव से निकलकर प्रदेश स्तर पर चमकना बड़ी बात है। वहीं,प्राचार्या रेखा नायडू ने कहा कि स्वीटी शुरू से ही एक अनुशासित और जिज्ञासु छात्रा रही है। कला संकाय में 94.2% अंक लाना उसकी विषय पर गहरी पकड़ को दर्शाता है। यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। एक साधारण गृहिणी माता की छांव और अधिवक्ता पिता के संस्कारों में पली-बढ़ी स्वीटी अब उच्च शिक्षा की ओर देख रही हैं। उनकी इस सफलता से गेतलातू गांव समेत पूरे बीआईटी मेसरा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र की जीत बताया है।
