By Mustaffa
विधायक राजेश कच्छप ने की घोषणाओं की बौछार: कहा,ग्रामीण बच्चों के फौलादी इरादे ही बदलेंगे झारखंड की तस्वीर
मेसरा (रांची): सफलता की गूंज जब गांव की पगडंडियों से निकलकर राजधानी तक पहुँचती है,तो मंजर कुछ अलग ही होता है। शुक्रवार को पीएम श्री प्रोजेक्ट +2 हाई स्कूल,सदमा में वार्षिक महोत्सव के बहाने प्रतिभा का महाकुंभ उमड़ पड़ा। इस अवसर पर मेधावियों के सम्मान के साथ-साथ विद्यालय के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होने वाली घोषणाएं भी की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा,आज इन बच्चों की आंखों में जो चमक है,वही झारखंड का भविष्य है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने साबित कर दिया है कि अगर इरादे फौलादी हों,तो संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनती। मैं इन बच्चों की आगे की पढ़ाई के लिए निजी और सरकारी,दोनों स्तरों पर हर संभव सहयोग की गारंटी देता हूँ। विधायक ने विद्यालय की आधारभूत संरचना के लिए चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण और भूमि दाताओं की सहमति से विद्यालय की भूमि के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की बड़ी घोषणा की। समारोह का मुख्य आकर्षण स्टेट थर्ड टॉपर अंशु कुमारी और सत्र 2025-26 के होनहार छात्र-छात्राएं रहे,जिन्हें विधायक ने पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही,विद्यालय के पूर्व गौरव रहे सेवानिवृत्त प्राचार्य रामचरण साहू व नारायण उरांव और विद्यालय के लिए भूमि देने वाले उदार दानदाताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जहाँ बच्चों के नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया,वहीं सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने माहौल को गंभीर कर दिया। सड़क दुर्घटना में असमय काल के गाल में समाए चार छात्रों की याद में किए गए इस भावुक मंचन को देख वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। विद्यालय की प्राचार्या सीमा रानी गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए कहा,हमारा लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि अंशु जैसे व्यक्तित्व गढ़ना है। विधायक जी के सहयोग और शिक्षकों की मेहनत से यह स्कूल अब जिले का मॉडल बनेगा। विजय कुमार यादव के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य कमिश्नर मुंडा,विधायक प्रतिनिधि हरिमोहन महतो,बीपीओ रीना यादव,बाबूलाल महली,चंदरा मुखिया सीमा तिर्की,पूर्व मुखिया रमेश चंद्र उरांव,रशीद अंसारी,देवेंद्र ठाकुर,हरिलाल मुंडा,सफीउल्लाह अंसारी,सुकरा मुंडा और शांति देवी सहित विद्यालय के शिक्षक व भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
