झारखंड में वोटर लिस्ट से नाम काटने की हो सकती है साजिश: सुप्रियो भट्टाचार्य

360° Ek Sandesh Live

By Sunil
रांची : जेएमएम पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने मंगलवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा कि इस चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर गंभीर सवाल उठा है। उन्होंने बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि 2014 के बाद सरकारों की चोरी और डकैती देखने को मिली, लेकिन बंगाल में वोटर चोरी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां भारी संख्या में वोटरों के नाम हटाए गए और लोकतंत्र को प्रभावित करने की कोशिश की गई । उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों में भी वोटरों के नाम हटाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। उनके अनुसार बंगाल में लाखों वोटरों के नाम सूची से हटाए गए, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। श्री भट्टाचार्य ने आशंका जताई कि झारखंड में भी इसी तरह वोटर डिलीशन का खेल शुरू हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जहां समर्थन नहीं मिलता, वहां वोटरों के नाम हटाने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने परिसीमन को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि सीटों की संख्या बदले बिना निर्वाचन क्षेत्रों के ढांचे को बदला जा सकता है। उन्होंने बीएलओ और माइक्रो आॅब्जर्वर को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि झारखंड का राजनीतिक चरित्र अलग है। राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार उतार सकती है, लेकिन उनके पास जरूरी आंकड़े नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी गठबंधन के पास पर्याप्त समर्थन मौजूद है और उम्मीदवारों के नाम जल्द तय किए जाएंगे। महंगाई और गिरते रुपये के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार है और किसी भी तरह की गड़बड़ी का विरोध किया जाएगा।

Spread the love