रायपुर में चमके रांची के सितारे: नेशनल वुडबॉल में सीपीएस ओरमांझी को गोल्ड और सिल्वर

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में परचम लहराकर लौटे खिलाड़ियों का स्कूल में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

​मेसरा (राँची): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीते 14 से 17 मई 2026 तक आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय वुडबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का नाम रोशन कर लौटे कलकत्ता पब्लिक स्कूल (सीपीएस),ओरमांझी के खिलाड़ियों का विद्यालय में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जैसे ही विजेता खिलाड़ी ट्रॉफी और मेडल के साथ सभागार में प्रविष्ट हुए,पूरा हॉल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस सम्मान समारोह में विद्यालय के निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्र सहित सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद थे। ​बता दें कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए कलकत्ता पब्लिक स्कूल के चार छात्रों और पाँच छात्राओं का चयन हुआ था। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय पटल पर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न संवर्गों में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर राज्य व स्कूल का मान बढ़ाया है। (​मनजीत और आकांक्षा ने जीता सोना),मनजीत को गोल्ड: बालक संवर्ग के एकल (सिंगल्स) मुकाबले में छात्र मनजीत कुमार ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए देश में पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। ​आकांक्षा को दोहरा पदक: बालिका संवर्ग के युगल (डबल्स) मुकाबले में सीपीएस की छात्रा आकांक्षा कुमारी ने अत्यंत सुंदर खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। ​फेयर वे में सिल्वर: बालिका संवर्ग की टीम स्पर्धा फेयर वे में झारखंड टीम की ओर से खेलते हुए सीपीएस की दो छात्राओं,रिया कुमारी और आकांक्षा कुमारी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल जीता। ​स्ट्रोक में भी चमकीं बेटियां: लड़कियों की टीम स्पर्धा स्ट्रोक में सीपीएस की शिवानी कुमारी तथा अनुष्का कुमारी ने अपनी सूझ-बूझ और खेल कौशल के दम पर सिल्वर मेडल प्राप्त किया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए स्कूल के निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रदर्शन संपूर्ण रांची और झारखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने वर्ष 2025 के वार्षिक खेलकूद को याद करते हुए कहा कि मुख्य अतिथि रहे,ओलंपियन मनोहर टोपनो ने बच्चों के खेल से प्रभावित होकर कहा था कि उन्हें विश्वास है कि एक दिन इस स्कूल से भी देश को ओलंपियन मिलेगा। आज बच्चों ने उस विश्वास को सच कर दिखाया है। ​कार्यक्रम का समापन विजेता छात्रों के साथ एक भव्य फोटोग्राफी सत्र के साथ हुआ। बच्चों की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे ओरमांझी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

Spread the love