ब्राउन शुगर तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, मादक पदार्थ के साथ पांच गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live

By Bhaskar

हजारीबाग : पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ईचाक थाना क्षेत्र के लोटवा जंगल के रास्ते से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम ब्राउन शुगर और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचाक क्षेत्र में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद गठित एसआईटी टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गूंजा निवासी राहुल कुमार, रतनपुर निवासी विशाल कुमार, बरकाकला निवासी अमित कुमार, बरका खुर्द निवासी दीपक कुमार तथा सायलखुर्द निवासी मुकेश कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी ईचाक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बरामद मादक पदार्थ की डीडीकिट से जांच में पुष्टि की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का नेटवर्क ईचाक, पदमा, बरही और हजारीबाग तक फैला हुआ था। आरोपी चतरा जिले के सप्लायरों से 1400 रुपये प्रति ग्राम की दर से ब्राउन शुगर खरीदते थे और इसे 1500 से 1600 रुपये प्रति ग्राम की दर पर अन्य सहयोगियों को बेचते थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर 2200 से 2400 रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर इसकी बिक्री की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद नशा नहीं करते थे, बल्कि संगठित तरीके से इसका कारोबार चला रहे थे। सभी आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे।इस मामले में ईचाक थाना कांड संख्या 91/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य सरगना राहुल मेहता के कुछ सहयोगियों को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

Spread the love