Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार से सभी मतदान केंद्रों पर अन-मैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर सूची में अपना नाम जांचते नजर आए। जिन मतदाताओं का नाम अन-मैप्ड सूची में पाया जा रहा है, वे संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर अपनी जानकारी साझा करते हुए मतदाता सूची में मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करवा रहे हैं।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम पहले से ही मैप्ड रहेगा, उन्हें एसआईआर के दौरान किसी प्रकार के अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलायी जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई से अगले दो सप्ताह तक अन-मैप्ड मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर सूची का अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम अन-मैप्ड सूची में शामिल है, तो वह तुरंत अपने बीएलओ से संपर्क करे और पूर्व गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची के आधार पर अपनी मैपिंग सुनिश्चित कराए। इससे भविष्य में मतदान से जुड़ी किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा। निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए। इसके लिए बीएलओ स्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और मतदाताओं की सहायता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
