सुनार को लूटने के प्रयास में चली गोलियां

Crime Ek Sandesh Live

SADDAM

शिकारीपाड़ा/दुमका: झारखंड की उप राजधानी दुमका भी अब सुर्खियां बटोर रहा है परंतु अच्छे कामों या किसी उपलब्धि के लिए नहीं बल्कि चोरों, लुटेरों और माफियाओं के सांठ गांठ से होने वाले काले कारनामों को लेकर।

 रविवार की संध्या लगभग 6:00 बजे शिकारीपाड़ा में एक सुनार को लूटने का प्रयास लुटेरों ने बिल्कुल गांव के बीच गली में जाकर किया और असफल होने पर तीन गोलियां भी दागी। किस्मत अच्छी थी कि गोलियां किसी को अपना शिकार नहीं बना पाई । इस संबंध में पीड़ित संतोष वर्मा ने बतलाया कि शिकारीपाड़ा चौक में उनका ज्वेलरी की दुकान है जिसे शाम को बंद कर लगभग 250 ग्राम चांदी अपने थैले में लेकर वह अपने घर की ओर आ रहे थे कि इतने में गली के पास पहले से घात लगाए हुए लुटेरों ने उनसे थैला छिनने का प्रयास किया और उसे धक्का देकर गिरा दिया । थैले को नहीं छोड़ने और हो हल्ला मचाने पर लुटेरों ने उस पर तीन गोलियां दागी परंतु किस्मत से उन्हें गोलियां नहीं लगी। इसके बाद संख्या में लगभग तीन चार लुटेरे भाग खड़े हुए। 

यहां यह बता दें कि शिकारीपाड़ा में बिजली की स्थिति अत्यंत दयनीय है और बिजली नहीं रहने पर मोबाइल का नेटवर्क भी काम नहीं करता। रविवार की शाम को आए आंधी पानी के बाद भी यही स्थिति थी और मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा था जिसका फायदा लुटेरों को भगाने में मिला।

 घटना की सूचना शिकारीपाड़ा थाना को होने पर थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा स्वयं दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका ए वारदात की छानबीन की। पुलिस को मौका ए वारदात से दो खोखे बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिकारीपाड़ा थाना से महज 500 मीटर दूर और गांव और गली के बीच में लुटेरों  का यह कृत्य कहीं ना कहीं कानून को सीधी चुनौती दे रहा है अब देखना यह है कि शिकारीपाड़ा पुलिस- प्रशासन इसे किस रूप में लेती है और कानून के लंबे हाथों से अपराधी कब तक बचते हैं।

Spread the love