दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग
SADDAM HUSAIN
शिकारीपाड़ा/दुमका: दुमका के शिकारीपाड़ा इलाके में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब व्यापारियों का सड़क पर चलना मुहाल हो गया है। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक और बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है, जिससे पूरे इलाके के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पर्वतपुर निवासी संजय वर्मा शिकारीपाड़ा बाजार में जेवरात की दुकान चलाते हैं। वे बीते रात लगभग 8 बजे अपनी दुकान बंद करके बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज मोड़ के पास घात लगाए बैठे तीन बाइकों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें अचानक घेर लिया और पिस्तौल तान दी।
अपराधियों ने हथियार के बल पर संजय वर्मा के साथ सरेराह मारपीट की और उनके पास मौजूद लगभग आठ हजार रुपये नकद और करीब 250 ग्राम चांदी के जेवरात जबरन छीन लिए। बदमाश इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने पीड़ित का एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी के जरूरी कागजात और दुकान की चाबियों का गुच्छा भी लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में अपनी दहशत कायम करने के लिए अपराधियों ने हवा में एक राउंड फायरिंग भी की और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है, बल्कि इलाके में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। ठीक इसके पिछले दिन भी इसी इलाके में अपराधियों द्वारा लूटपाट का एक दुस्साहसिक प्रयास किया गया था, जिसमें बदमाशों ने खौफ पैदा करने के लिए गोलियां चलाई थीं। लगातार दूसरे दिन भी ठीक वैसी ही वारदात को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है।
घटना के बाद सहमे व्यवसायी संजय वर्मा ने शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर उचित कानूनी कार्रवाई और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि लगातार दो दिनों से हो रही गोलीबारी और लूटपाट के बाद शिकारीपाड़ा पुलिस इन बेखौफ अपराधियों पर कब तक नकेल कस पाती है। इधर पुलिस मामले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी में जुट गई है।
