जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने बुधवार को रांची स्थित लोकभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पदों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। जमशेदपुर पहुंचने पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने मीडिया को इस मुलाकात व चर्चा की जानकारी दी। डॉ. गोस्वामी ने मुलाकात के दौरान राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रदेश के कई विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। नियमित शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है व शैक्षणिक गतिविधियों की गुणवत्ता लगातार कमजोर पड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से विद्यार्थियों को अपेक्षित शैक्षणिक माहौल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षण व्यवस्था व सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। भाजपा नेता ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस संबंध में राज्य सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि लंबे समय से लंबित पदों पर बहाली हो सके व शिक्षा व्यवस्था में सुधार आ सके। राज्यपाल ने डॉ. गोस्वामी की बातों को गंभीरता से सुना व भरोसा दिलाया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहल पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।
