Ashutosh Jha
काठमांडू : शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय स्तरीय परियोजना कार्यान्वयन इकाई–शिक्षा (CLPIU) ने नेपाल के गोरखा, नुवाकोट, धादिङ, दोलखा, काठमांडू, काभ्रेपलाञ्चोक, रामेछाप तथा सिन्धुपाल्चोक जिलों में स्थित 14 विद्यालयों के निर्माण हेतु अनुबंध समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। ये विद्यालय भारत सरकार द्वारा नेपाल को प्रदान की जा रही भूकंप पश्चात पुनर्निर्माण सहायता के अंतर्गत नेपाली रुपये 56.02 करोड़ की अनुदान सहायता से निर्मित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में नेपाल के काठमांडू स्थित भारतीय राजदूतावास के काउंसलर (DP&R), CLPIU के परियोजना निदेशक, CLPIU के अधिकारीगण तथा निर्माण कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इन विद्यालयों का निर्माण नेपाल सरकार द्वारा निर्धारित भूकंप-रोधी पुनर्निर्माण मानकों के अनुसार किया जाएगा। विद्यालय अवसंरचना में शैक्षणिक भवन, कक्षाएं, फर्नीचर तथा छात्र और छात्राओं के लिए पृथक स्वच्छता सुविधाएं शामिल होंगी। भारत सरकार की भूकंप पश्चात पुनर्निर्माण अनुदान सहायता के अंतर्गत 8 जिलों में 70 विद्यालयों तथा त्रिभुवन विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का निर्माण पहले ही पूरा कर जनवरी 2024 में नेपाल सरकार को हस्तांतरित किया जा चुका है।भारत सरकार, नेपाल सरकार तथा उसकी एजेंसियों के साथ नेपाल के सामाजिक-आर्थिक विकास, सहित भूकंप पश्चात पुनर्निर्माण परियोजनाओं में सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
