By Musttfa
डोम्बापुल के पास पुलिस ने बिछाया था जाल,वाहन मालिक और चालक पर प्राथमिकी दर्ज
मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना पुलिस ने शुक्रवार को कोयला तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सिकिदिरी-ओरमांझी पथ पर स्थित डोमापुल के पास से अवैध कोयले से लदे एक 407 ट्रक को जब्त किया है। हालांकि,पुलिस को देखते ही तस्कर और चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकिदिरी की ओर से एक 407 ट्रक पर भारी मात्रा में अवैध कोयला लादकर ओरमांझी की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिकिदिरी-ओरमांझी मार्ग पर डोम्बापुल के पास नाकेबंदी कर दी और वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को सामने से आता हुआ संदिग्ध 407 ट्रक (जेएच 01 बीबी -6990) दिखाई दिया। पुलिस को सड़क पर मुस्तैद देख तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम को नजदीक पाकर चालक ने वाहन रोका और उस पर सवार अन्य सहयोगियों के साथ गाड़ी छोड़कर घने अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला। सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार,आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध कोयले की खेप को ओरमांझी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में संचालित अवैध व वैध ईंट-भट्टों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ईंट-भट्टों का संचालन होता है, जहां सस्ते दामों पर अवैध कोयले की भारी मांग रहती है। तस्कर इसी मांग का फायदा उठाकर रात के अंधेरे में कोयले की अवैध ढुलाई करते हैं। पुलिस अब इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट के तार किन-किन ईंट-भट्टा संचालकों से जुड़े हैं। ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि,पुलिस ने अवैध कोयले सहित वाहन को जब्त कर लिया है। फरार चालक और वाहन मालिक के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध कोयले की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस ईंट-भट्टे या जगह पर सप्लाई किया जाना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
