बरही/ हजारीबाग : प्रखंड अंतर्गत बसरिया पंचायत के पंचमाधव निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार को समाजसेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट’ द्वारा “हजारीबाग रत्न” से सम्मानित किया गया। ट्रस्ट द्वारा जिले भर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को एक मंच पर सम्मानित करने के उद्देश्य से यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। बरही प्रखंड से केवल सिकंदर कुमार को उनके निरंतर व सराहनीय जनहित कार्यों के आधार पर इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया। सिकंदर कुमार लंबे समय से क्षेत्र में जरूरतमंदों की सेवा, दिव्यांगजनों के कल्याण, सड़क हादसों में घायलों की त्वरित सहायता व बेसहारा बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसे कार्यों में सक्रिय हैं। उनके मानवीय प्रयासों की सराहना राज्य स्तर पर भी हो चुकी है; कई गंभीर मामलों में खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित विभिन्न मंत्रियों व विधायकों ने सीधे संज्ञान लेकर कार्रवाई सुनिश्चित की है। सम्मान प्राप्त करने के बाद सिकंदर कुमार ने आभार जताते हुए कहा,यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। यह पुरस्कार मुझे समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने व जनसेवा के प्रति और अधिक जिम्मेदारी से काम करने की प्रेरणा देगा सिकंदर कुमार को हजारीबाग रत्न मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। शुभकामनाएं देने वालों में बसरिया पंचायत की मुखिया नीलम देवी, करियातपुर के मुखिया मनोज कुमार, समाजसेवी हरेंद्र गोप, पूरन राम, नागेश्वर कुमार, राजेश पंडित, मंटू पंडित, विनय गोप, मोहन प्रजापति,यशवंत यादव, अरविन्द शर्मा और मो. वासिम सहित कई स्थानीय नागरिक शामिल थेे
