हिंदी पत्रकारिता दिवस पर कांग्रेस युवा नेता ने पत्रकारों को किया सम्मानित

360° Ek Sandesh Live

By Ajay Raj

चतरा: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रतापपुर में कांग्रेस युवा नेता मोतीलाल पासवान ने अपने आवास पर स्थानीय पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें लोकतंत्र का चौथा और सशक्त स्तंभ बताया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोतीलाल पासवान ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। वे हर परिस्थिति में निष्पक्षता और निष्ठा के साथ समाचारों का संकलन कर जनता तक सच्चाई पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे भीषण गर्मी हो, मूसलाधार बारिश या कड़ाके की ठंड, पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो आम लोगों की समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को शासन- प्रशासन तक पहुंचाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। मोतीलाल पासवान ने राज्य सरकार से पत्रकारों के हित में विशेष बीमा योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए।इस दौरान पत्रकार सतेंद्र प्रसाद, अजय राज, बिहारी कुमार, विकास चौरसिया एवं अनुज कुमार चंद्रवंशी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रकीबुल इमाम, हुमाजांग पंचायत की मुखिया सावित्री देवी, सेवानिवृत्त शिक्षक देवनंदन पासवान, मनोज यादव, रिजवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Spread the love