रफ्तार का कहर: बैरिकेड से टकराई बाइक, इंजीनियरिंग छात्र की मौके पर मौत

360° Ek Sandesh Live Road Accident

MUSTFA

​मेसरा (रांची): राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत नेवरी रिंग रोड पर बुधवार की शाम रफ्तार का जानलेवा रूप देखने को मिला। माही डाउनटाउन के समीप शाम करीब 4:45 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र नकुल उरांव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और छात्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

मृतक नकुल उरांव मूल रूप से ओरमांझी के ग्राम मायापुर (चंद्रा) का निवासी था, जो वर्तमान में कांके बोड़ेया में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह कुच्चू स्थित साइनाथ यूनिवर्सिटी में डिप्लोमा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के फोर्थ सेमेस्टर का छात्र था। बुधवार को यूनिवर्सिटी में अपनी परीक्षा देने के बाद वह बाइक संख्या (जेएच 01 एफके 2019) से नेवरी गोलंबर चौक की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं साइनाथ यूनिवर्सिटी में भी शोक की लहर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की गति काफी तेज थी। तेज रफ्तार के कारण नकुल ने अचानक बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे सुरक्षा बैरिकेड को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। सिर और छाती में गंभीर चोट लगने के कारण नकुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ​घटना की सूचना मिलते ही मेसरा ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त बाइक और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा-यह बेहद दुखद घटना है। प्राथमिक जांच के अनुसार तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। युवाओं से अपील है कि रिंग रोड जैसे चौड़े रास्तों पर वाहनों की गति नियंत्रित रखें और अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशियों से जुड़ी है।

Spread the love