प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशी नेताओं की शुभकामनाओं पर जताया आभार

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के लिए मिली शुभकामनाओं को लेकर गुरुवार को न्यूजीलैंड, जापान, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड सहित विश्व के अनेक नेताओं का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट के जरिए इन नेताओं को धन्यवाद दिया। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की शुभकामनाओं के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वह इस सकारात्मक गति को आगे बढ़ाते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं। इससे पहले लक्सन ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा था कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने में उनके साथ काम करना सुखद रहा और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के सहयोग की व्यापक संभावनाओं को लेकर वह आशान्वित हैं।

जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जापान-इंडिया एसोसिएशन का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि किशिदा के नेतृत्व में यह संगठन भारत और जापान के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा। किशिदा ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को 4,000 दिनों से अधिक समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के लिए बधाई देते हुए उनके भावी प्रयासों की सफलता की कामना की थी। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह उनकी मित्रता और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत बनाने के प्रति उनके निरंतर समर्थन को अत्यंत महत्व देते हैं। टर्नबुल ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए ऑस्ट्रेलिया के साथ उनकी मित्रता तथा नवीकरणीय ऊर्जा, विशेषकर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज, के प्रति उनके समर्थन की सराहना की थी। आयरलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री लियो वराडकर की शुभकामनाओं के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आयरलैंड के संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए भारत प्रतिबद्ध है। वराडकर ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा था कि उनके कार्यकाल में भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं तथा बुनियादी ढांचे, कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की शुभकामनाओं के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद, मेरे भाई। आपकी दूरदर्शी लीडरशिप में भारत-यूएई कॉम्प्रिहेन्सिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप नई ऊंचाइयों पर पहुंची है। मैं हमारी दोस्ती को बहुत महत्व देता हूं और हमारे देशों के लोगों के आपसी फायदे के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हूं। शेख ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई। मैं भारत की निरंतर प्रगति को आगे बढ़ाने में आपकी सफलता की कामना करता हूं और हमारे देशों तथा लोगों के लाभ के लिए हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की आशा करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि समुद्री पड़ोसी और भरोसेमंद साझेदार के तौर पर, भारत हमारे गहरे और बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हर्मिनी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को सेवा के 4,399 दिन पूरे होने पर हार्दिक बधाई- 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, भारत को बदलने और भारत-सेशेल्स की हमारी अनमोल दोस्ती को मजबूत करने के लिए।

Spread the love